मेरठ की मात्र 6 साल की काव्या सिंह ने पूरे उत्तर प्रदेश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले डांस रियलिटी शो ‘सुपर डांसर सीज़न 5’ में काव्या ने टॉप 12 में अपनी जगह पक्की कर ली है। वह इस सीज़न की उत्तर प्रदेश से एकमात्र चयनित प्रतिभागी हैं। चार लाख से ज़्यादा बच्चों ने इस शो के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन काव्या अपनी मासूमियत, ऊर्जा और लाजवाब टैलेंट से सबका दिल जीत गईं।
काव्या मेरठ के भावनपुर क्षेत्र की रहने वाली हैं और उनके पिता मोनू पाल ‘मोमोज वाले’ के नाम से प्रसिद्ध हैं। एक सामान्य परिवार से आने वाली काव्या ने तीन साल की उम्र से डांस की ट्रेनिंग शुरू की थी। उनका सफर आसान नहीं था डांस क्लास के लिए उन्हें रोज़ाना मेरठ से मोदीनगर बस में जाना पड़ता था। लेकिन ना उम्र ने उन्हें रोका, ना सीमित संसाधनों ने।
शो की जज वर्तिका झा ने मंच से कहा, “ये बच्ची मुंबई के स्टेज पर खड़े रहने लायक है।” इस तारीफ ने काव्या और उनके परिवार को भावुक कर दिया। आज काव्या केवल मेरठ की नहीं, पूरे प्रदेश की पहचान बन चुकी हैं।
काव्या की यह कामयाबी न सिर्फ़ एक व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उन सभी माता-पिता और बच्चों के लिए प्रेरणा है, जो सपनों को साकार करने की हिम्मत रखते हैं।
अब सभी की निगाहें हैं काव्या के अगले परफॉर्मेंस पर — क्या वह सुपर डांसर का ताज अपने नाम करेंगी?