
अपनी सुरीली आवाज से सभी को दीवाना बना देने वाली मशहूर सिंगर उषा उत्थुप पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है , उनके पति जानी चाको ने सोमवार को कोलकाता में अंतिम सांस ली। कार्डियक अरेस्ट उनके मौत की वजह बताई जा रही है। जानी चाको के निधन की खबर उनके परिवार वालो ने दी । रिपोर्ट के अनुसार, ७८ वर्षीय जानी चाको घर पर टीवी देख रहे थे तभी उन्हें बेचैनी महसूस हुई, इसके बाद जानी चाको को तुरंत नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टर्स ने बताया कि कार्डियक अरेस्ट की वजह से उनकी निधन हुआ है।

आपको बता दे, जानी चाको, उषा उत्थुप के दूसरे पति थे और म्यूजिक इंडस्ट्री से दूर अपना कारोबार संभालते थे। वो चाय के बागानों के बिजनेस से जुड़े हुए थे। दोनों पहली बार ७० के दशक की शुरुआत में फेमस नाइट क्लब ट्रिनकास में मिले थे। जानी चाको का एक बेटा और बेटी भी है। उषा उत्थुप की बात की जाये तो , वे हिंदी जगत की एक जानी मानी मशहूर गायिका हैं। उन्होंने हिंदी के साथ कई अलग- अलग भाषाओं में गाने गाए हैं।

उषा उत्थुप ने अपने संगीत करियर की शुरुआत १९६९ में चेन्नई के एक छोटे से नाइट क्लब से की थी। अपनी दमदार आवाज की वजह से उन्हें खूब पॉपुलैरिटी मिली और देशभर में कई बड़े नाइट क्लब्स में गाने का मौका भी मिला। इस दौरान दिल्ली के एक नाइट क्लब में दिवंगत अभिनेता देव आनंद की नजर उषा उत्थुप पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने उषा उत्थुप को १९७१ में आई फिल्म ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ से बॉलीवुड डेब्यू करने का मौका दिया।

आपको बता दें , ऊषा उत्थुप को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में पद्म भूषण से भी नवाजा गया था।