डेंगू ने जहां सबका जीना दुश्वार कर दिया है वहीं आए-दिन डेंगू के केसेस बढ़ते ही जा रहे हैं। ऐसे में लोग मच्छरों से बचने के लिए अलग-अलग तरह के उपाय कर रहे हैं। आजकल मच्छरों पर कॉयल और लिक्विड रिफिल का भी कोई असर नहीं होता हैं। बस कुछ देर के लिए इन सबसे आराम मिलता है, और जैसे ही इनका असर कम हो जाता है मच्छर वापिस से काटना शुरु कर देते हैं। ऐसे में आप मच्छरों को भगाने के लिए असरदार घरेलू उपाय अपना सकते हैं। ऐसी कई नेचुरल चीजें हैं जो मच्छरों को भगाने के लिए कारगार हैं। आइए जानते हैं मच्छर भगाने के घरेलू उपाय-

कपूर- अगर रात भर मच्छर काट- काट कर आपका जीना दुश्वार कर देते हैं तो आप कॉयल या दूसरी कैमिकल वाली चीजों की जगह कपूर का इस्तेमाल कर सकते हैं। आप कमरे में कपूर जला कर लगभग 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। मच्छर कपूर की महक से दूर ही रहते हैं तो ऐसे में कपूर जलाने से मच्छर तुरंत भाग जाएंगे।
नीम का तेल- नीम के तेल का उपयोग मच्छरों को भगाने के लिए किया जाता है। इसके लिए नीम और नारियल के तेल को बराबर मात्रा में मिला कर रख लें। और जब भी मच्छर आस-पास हो तब इस तेल को अपने शरीर पर अच्छी तरह से लगा लें। इससे लगभग आठ घंटे तक मच्छर आपसे दूर ही रहेंगे।
नीलगिरी का तेल- दिन में भी अगर मच्छर आपको काटते हैं तो आप नीलगिरी के तेल का उपयोग कर सकते हैं। इस नुस्खे को आजमाने के लिए आप नीलगिरी के तेल में बराबर मात्रा में नींबू का रस मिला लें। अब इस मिश्रित तेल को शरीर पर लगा लें। इसकी तीखी गंध से मच्छर आपसे कोसों दूर रहेंगे और गलती से भी आपके आस-पास नहीं भटकेंगे।
लहसुन- मच्छरों को घर में घुसने से रोकने के लिए लहसुन का उपयोग करना चाहिए। लहसुन की खुशबू से मच्छर दूर भागते हैं। इसलिए मच्छरों को दूर भगाने के लिए आप लहसुन को पीस लें और पानी में डालकर उबाल लें। अब इस पानी को घर के हर कोने में छिड़क दें। इससे बाहर से मच्छर घर के अंदर प्रवेश नहीं करेंगे।
लैवेंडर- मच्छरों को भगाने का एक सबसे कारगर उपाय होता है लैवेंडर। इसकी खुशबू बहुत तीखी होती है, जो मच्छरों को कोसो दूर रखती है। आप घर में भी लैवेंडर वाला रूम फ्रेशनर छिड़क कर मच्छरों को दूर रख सकते हैं।