दुनियाभर में बढ़ती बीमारियों के पीछे कई कारण माने जाते हैं, लेकिन आज के दौर में वायु प्रदूषण सबसे बड़ा और गंभीर कारक बनकर सामने आया है। विशेषज्ञ लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि हम जो हवा हर रोज सांस के साथ अंदर खींचते हैं, वही हमारी सेहत और खासकर हृदय के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुकी है।
फेफड़ों से आगे बढ़कर दिल तक पहुंच रहा खतरा
अब तक वायु प्रदूषण को केवल फेफड़ों और सांस से जुड़ी बीमारियों का कारण माना जाता था। पर हालिया रिसर्च ने यह साबित कर दिया है कि प्रदूषण सीधे हृदय स्वास्थ्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। हवा में मौजूद PM2.5 कण इतने सूक्ष्म होते हैं कि वे सीधे रक्तप्रवाह में घुस जाते हैं और धीरे-धीरे नसों को सख्त बना देते हैं। यही स्थिति हाई ब्लड प्रेशर और हार्ट अटैक का बड़ा कारण बन रही है।
डॉक्टरों की चेतावनी: “दिल की खामोश दुश्मन है गंदी हवा”
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. दिमित्री यारानोव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा – “वायु प्रदूषण हमारे दिल की सेहत को प्रभावित कर रहा है, पर कोई इस पर गंभीरता से चर्चा नहीं करता। हजारों हार्ट फेलियर मरीजों का इलाज करने के बाद मेरी यही ख्वाहिश है कि लोग इस खतरे को समय रहते समझें।” उन्होंने बताया कि हृदय रोग के लिए केवल डाइट और व्यायाम ही जिम्मेदार नहीं हैं, बल्कि प्रदूषण, तनाव और कोर्टिसोल स्तर, नींद की कमी, मसूड़ों की बीमारी, आंतों की खराब सेहत और असंतुलित आहार भी उतने ही बड़े कारक हैं।
प्रदूषण और ब्लड प्रेशर पर असर
कई अध्ययनों में सामने आया है कि अगर कोई व्यक्ति कुछ घंटों के लिए भी प्रदूषित इलाके में रहता है तो उसका ब्लड प्रेशर 2-4 पॉइंट तक बढ़ जाता है। यह सीधा-सीधा हार्ट अटैक और स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ाता है।
नसों में प्लाक का जमाव और हार्ट अटैक का खतरा
दिल्ली स्थित अस्पताल के हृदय विशेषज्ञ डॉ. रविप्रकाश बताते हैं: “प्रदूषित हवा का असर लंबे समय तक शरीर को अंदर से खा जाता है। यह हमारी धमनियों की अंदरूनी दीवारों पर प्लाक जमाने लगता है। धीरे-धीरे यह जमाव इतना बढ़ जाता है कि खून का प्रवाह बाधित हो जाता है। नतीजतन दिल का दौरा और स्ट्रोक का खतरा सामान्य से कई गुना बढ़ जाता है।” 10 साल तक चले एक लॉन्ग टर्म स्टडी में पाया गया कि प्रदूषित इलाकों में रहने वाले लोगों की नसों में प्लाक का जमाव सबसे अधिक पाया गया।
सूजन और ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस: हार्ट अटैक की अदृश्य वजह
प्रदूषण केवल नसों को कठोर नहीं करता बल्कि यह शरीर में सूजन (Inflammation) और ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस भी बढ़ाता है। इससे खून गाढ़ा होने लगता है। ब्लड क्लॉट्स बनने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऑक्सिडेटिव तनाव कोशिकाओं को क्षति पहुंचाता है और धमनियों को कमजोर कर देता है। ये सभी मिलकर व्यक्ति को हार्ट अटैक की स्थिति की ओर धकेल देते हैं।
दुनिया भर में चिंताजनक आंकड़े
WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन) के अनुसार, हर साल करीब 70 लाख लोगों की मौत केवल वायु प्रदूषण के कारण होती है। इनमें से करीब 30% मौतें हृदय रोग और स्ट्रोक से जुड़ी होती हैं। भारत जैसे विकासशील देशों में जहां प्रदूषण का स्तर लगातार ऊंचा है, वहां यह खतरा और भी ज्यादा गंभीर है।
बचाव के उपाय – क्या कर सकते हैं हम?
विशेषज्ञों के मुताबिक, भले ही हम प्रदूषण को तुरंत खत्म नहीं कर सकते, लेकिन कुछ सावधानियां हमें हृदय रोगों के खतरे से बचा सकती हैं।
- मास्क का नियमित प्रयोग करें – खासकर जब प्रदूषण स्तर खतरनाक हो।
- घर में एयर प्यूरीफायर लगाएं ताकि अंदर की हवा स्वच्छ बनी रहे।
- हार्ट-हेल्दी डाइट लें जिसमें हरी सब्जियां, फल और ओमेगा-3 शामिल हों।
- नियमित व्यायाम करें, लेकिन प्रदूषण के समय बाहर दौड़ने या साइकिल चलाने से बचें।
- तनाव कम करने की कोशिश करें, ध्यान और योग का सहारा लें।
- नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं, खासकर ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल का स्तर।
वायु प्रदूषण केवल एक पर्यावरणीय समस्या नहीं बल्कि हृदय स्वास्थ्य की खामोश दुश्मन है। यह धीरे-धीरे हमारे शरीर को अंदर से नुकसान पहुंचा रहा है। अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले वर्षों में हृदय रोग भारत और पूरी दुनिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन सकते हैं।
