लखनऊ: सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल HSBC वर्ल्ड टूर सुपर-300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। महिला युगल वर्ग में अमोलिका सिंह सिसोदिया और समृद्धि सिंह की जोड़ी के साथ श्रुति मिश्रा ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में जगह बना ली।
गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के पहले दिन महिला और पुरुष युगल के मुकाबले खेले गए। महिला युगल में अमोलिका सिंह सिसोदिया और समृद्धि सिंह की जोड़ी का सामना हमवतन नयना एस. ओएसिस और वर्षिनी विश्वनाथन से हुआ। यूपी की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए यह मुकाबला सीधे गेमों में 21-13, 21-11 से अपने नाम किया।
अमोलिका और समृद्धि ने पूरे मुकाबले में सटीक स्मैश और शानदार प्लेसमेंट के दम पर अपनी प्रतिद्वंद्वी जोड़ी पर दबाव बनाए रखा और उन्हें वापसी का मौका नहीं दिया।
वहीं, यूपी की श्रुति मिश्रा ने मणिपुर की प्रिया कोंजेंगबाम के साथ जोड़ी बनाकर शानदार जीत दर्ज की। दोनों ने साक्षी गहलावत और दिव्या आर. बालासुब्रह्मण्यम को 21-10, 21-7 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

पुरुष युगल में भारतीय खिलाड़ियों ने भी किया कमाल
प्रतियोगिता के पुरुष युगल वर्ग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। तीसरी वरीय भारतीय जोड़ी हरिहरन आमसाकरुणन और एमआर अर्जुन ने अभिनाश मोहंती और आयुष पटनायक को कड़े मुकाबले में 21-13, 21-23, 21-9 से हराया।
वहीं, दिन का सबसे बड़ा उलटफेर गैर वरीय भारतीय जोड़ी साई प्रतीक के. और रूबन कुमार रथीनसबपति ने किया। दोनों ने इंग्लैंड की आठवीं वरीय जोड़ी एलेक्स ग्रीन और जैक रस को 17-21, 22-20, 21-19 से हराकर सबको चौंका दिया।
लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का जमावड़ा
24 से 29 नवंबर तक आयोजित हो रही इस चैंपियनशिप में भारत समेत 22 देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। टूर्नामेंट में महिला और पुरुष एकल, महिला और पुरुष युगल के साथ मिश्रित युगल वर्ग के मुकाबले खेले जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश की अमोलिका, समृद्धि और श्रुति की जीत ने प्रदेश में बैडमिंटन को लेकर उत्साह बढ़ाया है। अब सभी की नजरें अगले दौर के मुकाबलों पर रहेंगी, जहां ये खिलाड़ी अपनी जीत की लय बरकरार रखने की कोशिश करेंगी।
