
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुजाता सौनिक ने रविवार को महाराष्ट्र के मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया है। वह राज्य के ६४ साल के इतिहास में इस पद पर आसीन होने वाली पहली महिला हैं। इसी के साथ, उन्होंने महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्य सचिव बनकर इतिहास रच दिया।

बता दें, सुजाता सौनिक ने सेवानिवृत्त हुए आईएएस अफसर नितिन कीर की जगह ली। एक अधिकारी ने कहा कि वह अगले साल जून में अपनी सेवानिवृत्ति से पहले तक इस पद पर रहेंगी। आइए जानते हैं आईएएस सुजाता सौनिक के करियर, फैमिली और एजुकेशन के बारे में,
15 जून 1965 की जन्मी सुजाता 1987 बैच की आईएएस अफसर हैं , जबकि उनके पति रिटायर्ड आईएएस मनोज सौनिक बिहार के रहने वाले हैं। जो महाराष्ट्र के मुख्य सचिव रह चुके हैं। दोनों लोग एक ही बैच के आईएएस हैं। आईएएस सुजाता सौनिक की स्कूलिंग और कॉलेज की पढ़ाई चंडीगढ़ से हुई है। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से इतिहास में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है , और पोस्ट ग्रेजुएशन में टॉपर बनकर गोल्ड मेडल हासिल किया।
आपको बता दें, आईएएस सुजाता सौनिक संयुक्त राष्ट्र के साथ कई देशों में काम कर चुकी हैं, उन्होंने साल २००० से २००५ तक संयुक्त राष्ट्र मिशन में प्रतिनियुक्ति पर कोसोव के दूसरे सबसे बड़े शहर प्रिजरेन के म्युनिसिपल एडमिनिस्ट्रेटर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने , कोसोव की दो नगरपालिकाओं – प्रिजरेन और ओबोलिक में स्कूल, अस्पताल, पानी और स्वच्छता कार्य, बाजार और सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए बड़ी संख्या में परियोजनाओं को लागू किया। इसके अलावा वह दक्षिण-पूर्व एशियाई देश कंबोडिया में मतदाता पंजीकरण और पहले लोकतांत्रिक चुनाव के संचालन में सहायता के लिए भी संयुक्त राष्ट्र मिशन में प्रतिनियुक्ति पर काम कर चुकी हैं।