अमीनाबाद मार्केट सबसे ज्यादा व्यस्त और पुराना शॉपिंग हब है। यहां आपको कम दाम में सभी वस्तुएं आसानी से मिल जाएंगे। अगर आप मोलभाव करने में एक्सपर्ट हैं तो यह आपके लिए उत्तम मार्केट है। इसी के साथ यहां आपको खाने-पीने के लिए भी कई ऑप्शन मिल जाएंगे जिसका जायका महीनों तक आपकी जुबान पर रह जाएगा। आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको लखनऊ के अमीनाबाद बाज़ार में खरीदारी और खाने के लिए क्या-क्या मिलता है वो बताने वाले है-
जूलरी
जंक जूलरी हमेशा से ही ट्रेंड में है और युवतियों द्वारा पसंद भी की जाती है। अच्छी बात तो यह है कि पहले की बजाय अब हर उम्र की महिलाएं जंक जूलरी पहनने का शौक रखती हैं। अमीनाबाद बाज़ार में गोल्डन, सिल्वर और ऑक्सीडाइज्ड जूलरी के अनगिनत खूबसूरत डिजाइन देखने को मिल जाते हैं। जो काफी कम दाम में उपलब्ध हैं, जिन्हें आप गिफ्ट करने के लिहाज से भी खरीद सकते हैं।
चिकनकारी कुर्ता, दुपट्टा और साड़ियां
लखनवी चिकनकारी वर्क दुनियाभर में मशहूर है आप लेने एक जाएंगे और 2-3 खरीद लाएंगे। आपको लखनऊ के अमीनाबाद बाज़ार में चिकनकारी वर्क वाले कुर्ता, दुपट्टा और साड़ियां आपके बजट में मिल जाएंगे।
सजावटी सामान
लखनऊ के अमीनाबाद बाज़ार में घर को सजाने के लिए कई चीजें मिलती हैं। ट्रेडिशनल लुक वाले हैंगिंग आइटम्स के साथ,लटकन, मूर्तियां, टेबल वेयर जैसी कई चीजें मिल जाती हैं। इन दिनों ट्रेंड में रहने वाले कॉपर और गोल्डन लुक वाले डेकोरेटिव पीसेज के भी आपको यहां दिख जाएंगे।
नागरा व मोजरी
लखनवी कुर्ता लिया है तो इसके साथ मोजरी ना पहनी जाए ऐसा हो नहीं सकता। यहां कई डिजाइन और कलर में मोजरी और जूती भी मिल जाएंगे। ये हाथ की बनी मोजरी और जूतियां होती हैं, जो आपके लुक को और निखार देती हैं।
बेडशीट और कुशन के कवर
अगर आप घर की चीजें और डिफरेंट बेडशीट लेने का मन बना रहे हैं तो अमीनाबाद बाज़ार में कई ऑप्शन मौजूद हैं। ये सॉफ्ट फैब्रिक और खूबसूरत प्रिन्ट वाली बेडशीट आपका मन मोह लेगी। यहां तकिये के कवर के साथ ही कुशन सेट भी मिलता है।
प्रकाश कुल्फी
प्रकाश कुल्फी की ये फेमस शॉप पिछले 50 सालों से चली आ रही है। यहां कुल्फी खाने वालों की आपको लंबी लाइने दिखेगी, क्योंकि यहां आने वाले लगभग हर व्यक्ति को प्रकाश कुल्फी की कुल्फी के स्वाद को चखना जरूरी है। यहां की फलूदा वाली कुल्फी के स्वाद का कोई टक्कर नहीं है।
टुंडे कबाबी
कई साल पुराना ये रेस्टोरेन्ट पूरे भारत में फेमस है। यहां के मटन और चिकन गलौटी कबाब का कोई जवाब नहीं है। यूं तो लखनऊ में टुंडे कबाबी के कई ब्रांच हैं लेकिन पहली दुकान यही है।