सर्दियां आते ही पानी पीने की आदत सबसे ज्यादा प्रभावित होती है। ठंड के मौसम में हमें प्यास कम लगती है, जिसकी वजह से शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। लोग अक्सर समझते हैं कि डिहाइड्रेशन सिर्फ गर्मियों में होता है, जबकि हकीकत यह है कि सर्द मौसम में पानी कम पीना किडनी, दिमाग और स्किन पर गंभीर असर डाल सकता है। इसलिए यह समझना बेहद जरूरी है कि ठंड में रोज कितना पानी पीना चाहिए और कम पानी पीने से शरीर पर क्या दुष्प्रभाव पड़ते हैं।
सर्दियों में रोज कितना पानी पीना चाहिए?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, जब कोई बहुत कम या 500 मिली से कम पानी पीता है तो किडनी को कम पानी के लिए भी काम करना पड़ता है। इससे पानी की कम मात्रा निकलती है और शरीर के अधिक अपशिष्ट पदार्थ बाहर नहीं निकाल पाता। इससे किडनी को नुकसान हो सकता है ख़ासकर ठंड के मौसम में भी एक वयस्क व्यक्ति को रोज 2.5 से 3 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए।
यह लगभग 8–12 गिलास पानी के बराबर है।

✔ अगर आप दिन भर कम एक्टिव रहते हैं → 8–9 गिलास पानी
✔ अगर आप एक्सरसाइज करते हैं या ज्यादा एक्टिव हैं → 10–12 गिलास पानी
✔ बच्चे → 4–6 गिलास
✔ बुजुर्ग → 6–8 गिलास, क्योंकि उन्हें प्यास का अहसास और कम होता है।
ध्यान रखें: प्यास लगना शरीर का लेट अलार्म है, इसलिए इसके इंतजार में पानी न पिएं। सर्दियों में अपनी हाइड्रेशन रूटीन खुद से सेट करना जरूरी है।
सर्दियों में कम पानी पीने से होने वाले ख़तरे

- किडनी पर दबाव बढ़ता है
पानी कम पीने से शरीर में यूरिक एसिड जमा होने लगता है, जिससे किडनी स्टोन, यूरिन इंफेक्शन और ब्लड फिल्टर करने में दिक्कत जैसी समस्याएं हो सकती हैं। सर्दियों में पेशाब कम आता है, इसलिए किडनी को और ज्यादा पानी की जरूरत होती है।
- दिमाग की गतिविधि धीमी होने लगती है
डिहाइड्रेशन का सीधा असर हमारे दिमाग पर पड़ता है जिससे सिरदर्द, चक्कर, थकान, फोकस और मेमोरी कमजोर जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- स्किन रुखी और बेजान
सर्दियों में नैचुरली स्किन सूखी होती है, ऐसे में पानी कम पीना इसे और खराब कर देता है। स्किन ड्राई, होंठ फटने, झुर्रियां जल्दी आने और इचिंग जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं।
- इम्युनिटी कमजोर
ठंड में वायरस और इंफेक्शन तेजी से फैलते हैं। कम पानी पीने से शरीर के टॉक्सिन्स बाहर नहीं निकलते, रक्त संचार कमजोर होता है, इम्यून सिस्टम कमजोर पड़ जाता है जिससे सर्दी-जुकाम और इंफेक्शन पकड़ने का खतरा बढ़ जाता है।
- पाचन गड़बड़ हो जाता है
पानी कम होने पर आंतें ठीक से काम नहीं करतीं। कब्ज, गैस, एसिडिटी, पेट भारी लगना जैसी दिक्कतें सर्दी में बहुत आम हैं।
सर्दियों में पानी पीने के आसान तरीके

✔ सुबह उठते ही 1 गिलास गुनगुना पानी
✔ हर 2 घंटे में पानी की चुस्की
✔ फोन में रिमाइंडर सेट करें
✔ सूप, नारियल पानी और हर्बल टी लें
✔ ऑफिस/घर में अपनी वाटर बॉटल साथ रखें
✔ एक्सरसाइज से पहले और बाद में 1-1 गिलास पानी
याद रखें
“प्यास नहीं लग रही मतलब शरीर को पानी नहीं चाहिए – ये बिल्कुल गलत सोच है।”
सर्दियों में भी पानी की सही मात्रा आपके संपूर्ण स्वास्थ्य की कुंजी है।
