प्रेग्नेंसी हर महिला के जीवन का सबसे सुंदर दौर होती है, लेकिन इस दौरान शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं। उन्हीं में से एक आम समस्या है – उल्टी और मतली (Morning Sickness)। शुरुआती महीनों में कई महिलाएं दिनभर वूमेंटिंग या मिचली महसूस करती हैं। कभी किसी खुशबू से, तो कभी किसी खाने को देखकर अचानक उल्टी हो जाती है। ऐसे में यह समझना मुश्किल होता है कि आखिर इससे राहत कैसे पाई जाए।
इसी परेशानी को दूर करने के लिए गाइनकोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में कुछ आसान और असरदार घरेलू टिप्स साझा किए हैं, जिनसे प्रेग्नेंसी में उल्टी की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। आइए जानते हैं विस्तार से –
उल्टी क्यों होती है प्रेग्नेंसी में?
डॉ. प्रियंका बताती हैं कि गर्भावस्था के शुरुआती हफ्तों में शरीर में एचसीजी हार्मोन (hCG Hormone) का स्तर बढ़ता है। यह वही हार्मोन है जो प्रेग्नेंसी को सपोर्ट करता है और भ्रूण के विकास में मदद करता है। लेकिन इसकी अधिक मात्रा के कारण उल्टी या मतली महसूस होना एक आम लक्षण है। यानी अगर आपको उल्टी हो रही है, तो यह भी एक संकेत है कि आपकी प्रेग्नेंसी सामान्य रूप से आगे बढ़ रही है।
ज्यादा देर भूखी न रहें
प्रेग्नेंसी में उल्टी रोकने के लिए सबसे जरूरी है कि आप लंबे समय तक खाली पेट न रहें। सुबह उठते ही कुछ हल्का खा लें – जैसे बिस्किट, टोस्ट या रस्क। इससे आपका पेट स्थिर रहेगा और आपको वूमेंटिंग की संभावना कम महसूस होगी।
डॉ. प्रियंका का कहना है कि कई बार सुबह उठते ही ब्रश करने या टंग क्लीनर के इस्तेमाल से मिचली बढ़ जाती है। इसलिए कोशिश करें कि ब्रश करने से पहले कुछ हल्का खा लें। इससे उल्टी की संभावना घटेगी और आप ज्यादा आराम महसूस करेंगी।
छोटे-छोटे हिस्सों में बार-बार खाएं
एक बार में बहुत ज्यादा खाने की बजाय, अपने खाने को दिन में छह छोटे हिस्सों में बांटें। इससे पेट पर दबाव नहीं पड़ेगा और पाचन भी ठीक रहेगा। बार-बार थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खाना उल्टी को कंट्रोल करने में मदद करता है।
खट्टी-मीठी चीजें मददगार
अगर बार-बार मिचली महसूस हो रही है, तो खट्टी-मीठी टॉफी या नींबू पानी ट्राई करें। इससे स्वाद बदलने में मदद मिलती है और वूमेंटिंग का एहसास काफी हद तक कम हो सकता है। कई महिलाएं अदरक वाली टॉफी या नींबू चूसने से भी राहत महसूस करती हैं।
जंक और ऑयली फूड से दूरी बनाएं
इस दौरान तले हुए, मसालेदार और भारी भोजन से परहेज करें। जंक फूड पेट को ज्यादा परेशान कर सकता है और उल्टी की स्थिति बढ़ा सकता है। इसकी जगह हल्का, उबला और पौष्टिक भोजन शामिल करें।
पानी और नींद का ध्यान रखें
शरीर में पानी की कमी उल्टी को और बढ़ा सकती है। इसलिए दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी या नारियल पानी पीती रहें। साथ ही पर्याप्त नींद लें, ताकि शरीर रिलैक्स महसूस करे और हार्मोनल बदलावों से निपट सके।
प्रेग्नेंसी में उल्टी या मतली होना बिल्कुल सामान्य है। लेकिन अगर यह समस्या ज्यादा बढ़ जाए या शरीर में कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
