
अक्सर आपने ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को खेती किसानी का काम करते देखा होगा, लेकिन आज हम आपको एक ऐसी महिला के बारे में बताने जा रहे हैं जो कृषि का काम लगभग 50 एकड़ जमीन पर कर रही हैं। दरअसल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की एक महिला किसान ने अपने इनोवेटिव आइडिया के जरिए अपनी एक अलग पहचान बना ली हैं। महिला किसान प्रतिभा तिवारी अपने कृषि उत्पादों को भूमिशा ऑर्गेनिक्स के अंतर्गत बेचती हैं साथ ही उसने अपने प्रोडक्ट को बेचने के लिए एक आउटलेट खोला है, जिसमें 70 से अधिक ऑर्गेनिक उत्पाद हैं।
प्रतिभा तिवारी ने ‘भूमिशा ऑर्गेनिक्स’ साल 2016 में लॉन्च किया। जहां गेहूं, चावल, दालें, मसाले, अचार, जड़ी-बूटियां, आटा, क्विनोआ जैसे खाद्य बीज और कोल्ड प्रेस्ड तेल सहित 70 प्रकार के जैविक खाद्य उत्पाद बेचे जाते हैं। इनके प्रोडक्ट भोपाल, दिल्ली और मुंबई में उनका लगभग 400 लोगों का कस्टमर बेस है। प्रतिभा ने बताया कि हमने मात्र 50,000 रुपये से कंपनी शुरू की थी और आज कंपनी का टर्नओवर करोड़ों रुपये का पहुंच चुका है। साथ ही बताया कि हमारी कंपनी में 20 से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं।
8 साल पहले शुरू हुआ सफर
प्रतिभा ने बताया कि उन्होंने करीब 8 साल पहले अपनी जान पहचान के अन्य किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित किया था। किसानों ने उन्हें अपनी सबसे बड़ी परेशानी यह बताई थी कि उनके उत्पादन की सही मार्केटिंग नहीं हो पाती है। उस समय प्रतिभा ने तय किया था कि बिना किसी बिचौलिये के हम किसान के उत्पाद को ग्राहकों तक पहुंचाएंगे। इसलिए हमने भूमिशा ऑर्गेनिक्स की शुरुआत की। बता दें कि प्रतिभा खुद गेहूं, मूंग, चना समेत अन्य फसलों की जैविक खेती करती हैं। आज उनके साथ 1200 से ज्यादा किसान जुड़े हैं।