बॉलीवुड सुपरस्टार आलिया भट्ट इन दिनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रही हैं। जेद्दा में आयोजित 5वें रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में आलिया को उनके बेहतरीन फिल्मी सफर और अद्भुत अभिनय प्रतिभा के लिए गोल्डन ग्लोब होराइजन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन वैश्विक कलाकारों को दिया जाता है जिन्होंने सिनेमा में अपनी अनोखी रचनात्मकता और योगदान से खास पहचान बनाई है।

इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड की घोषणा फेस्टिवल आयोजकों ने की। आलिया के साथ मंच पर ट्यूनिशिया की मशहूर अभिनेत्री हेन्द सबरी भी नज़र आईं, जिन्हें ओमर शरीफ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

पुरस्कार प्राप्त करते हुए आलिया का चेहरा खुशी से दमक उठा। उन्होंने कहा,
“गोल्डन ग्लोब का हिस्सा बनना बेहद खास है। यह वैश्विक अवॉर्ड्स की दुनिया में एक महत्वपूर्ण जगह रखता है। मैं आगे भी ऐसी कहानियों का हिस्सा बनना चाहती हूं जो मजबूत और प्रेरणादायक महिलाओं की आवाज़ बनें।”

फेस्टिवल में आलिया को सिर्फ अवॉर्ड ही नहीं मिला, बल्कि उनके करियर पर एक खास सेगमेंट भी प्रस्तुत किया गया। इस सेगमेंट में उनकी शुरुआती फिल्मों से लेकर ‘हाईवे’, ‘डियर ज़िंदगी’, ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’, ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और ‘ब्रह्मास्त्र’ जैसी फिल्मों तक की शानदार यात्रा को दिखाया गया।

रेड कार्पेट पर आलिया की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। उन्होंने अपने लुक से सभी का दिल जीत लिया और ग्लोबल आइकन के रूप में अपनी जगह और मज़बूत बनाई।

फेस्टिवल में आलिया ने अपनी आने वाली एक्शन-पैक्ड महिला-प्रधान फिल्म ‘अल्फा’ के बारे में भी संकेत दिए, जिसे लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्साह है। आलिया भट्ट के लिए यह पल न सिर्फ करियर का एक बड़ा उपलब्धि क्षण था, बल्कि भारतीय सिनेमा के लिए भी गर्व का विषय रहा।
