भारतीय संस्कृति में श्रृंगार सिर्फ खूबसूरत दिखने का माध्यम नहीं रहा है। यह सदियों से हमारी परंपराओं, रीति-रिवाजों और स्त्री की आत्म-अभिव्यक्ति से जुड़ा रहा है। खासकर हरितालिका तीज जैसे त्योहारों पर सोलह श्रृंगार का अपना विशेष महत्व होता है। माथे की बिंदी से लेकर हाथों की चूड़ियों और पैरों की पायल तक, हर चीज के पीछे एक कहानी, एक प्रतीक और एक सांस्कृतिक अर्थ छिपा है।
लकिन समय के साथ महिलाओं की जिंदगी बदली है। आज की महिला ऑफिस जाती है, बिजनेस संभालती है, परिवार की जिम्मेदारियां निभाती है, यात्रा करती है और अपनी पसंद के हिसाब से फैशन चुनती है। ऐसे में श्रृंगार भी बदल रहा है। आज सोलह श्रृंगार का मतलब हमेशा भारी गहने, पारंपरिक पोशाक और घंटों की तैयारी नहीं है।

सोलह श्रृंगार की परंपरा
भारतीय परंपरा में सोलह श्रृंगार को स्त्री के सौंदर्य और उत्सव से जोड़ा जाता है। अलग-अलग क्षेत्रों और परंपराओं में इसकी सूची में थोड़ा अंतर देखने को मिलता है, लेकिन आम तौर पर इसमें स्नान, वस्त्र, मेहंदी, बिंदी, सिंदूर, काजल, गहने, चूड़ियां, पायल, बिछिया, इत्र और बालों के श्रृंगार जैसी चीजें शामिल मानी जाती हैं।
बिंदी को माथे की सुंदरता के साथ-साथ पारंपरिक पहचान से जोड़ा गया। मेहंदी त्योहारों की खुशी का हिस्सा बनी। चूड़ियां स्त्री के श्रृंगार का महत्वपूर्ण अंग बनीं और पायल-बिछिया भारतीय आभूषण परंपरा में अपनी खास जगह बनाती रहीं। आज इन परंपराओं को नई पीढ़ी अपने तरीके से अपना रही है।
पहला बदलाव भारी से मिनिमल की ओर
पहले त्योहारों के मौके पर महिलाएं भारी गहनों और पारंपरिक कपड़ों को प्राथमिकता देती थीं। आज भी बहुत-सी महिलाएं ऐसा करती हैं, लेकिन साथ ही मिनिमल ज्वेलरी का ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हुआ है। अगर पूरा भारी हार पहनना संभव नहीं है, तो एक खूबसूरत चोकर काफी है। बड़े झुमकों की जगह छोटे स्टेटमेंट ईयररिंग्स चुने जा सकते हैं। कई चूड़ियों की जगह सिर्फ दो-तीन कड़े पहने जा सकते हैं। इस तरह पारंपरिकता बनी रहती है, लेकिन लुक बोझिल नहीं लगता।

साड़ी का नया अंदाज
साड़ी भारतीय फैशन की सबसे खूबसूरत परंपराओं में से एक है। तीज जैसे त्योहारों पर साड़ी का आकर्षण आज भी कम नहीं हुआ है। लेकिन साड़ी पहनने का अंदाज जरूर बदला है। आज महिलाएं पारंपरिक सिल्क या बनारसी साड़ी के साथ कंटेम्परेरी ब्लाउज पहनना पसंद करती हैं। स्लीवलेस, बेल्टेड, हाई-नेक या मॉडर्न कट ब्लाउज पारंपरिक साड़ी को नया रूप देते हैं। कई महिलाएं साड़ी के साथ बेल्ट लगाकर कमर को डिफाइन करती हैं। इससे लुक ट्रेडिशनल रहते हुए भी आधुनिक दिखाई देता है। वहीं युवा महिलाएं हल्की ऑर्गेंजा, चंदेरी, कॉटन या जॉर्जेट साड़ियों को भी तीज के लिए चुन सकती हैं।
लहंगा और इंडो-वेस्टर्न फ्यूजन
हर महिला का त्योहार पर साड़ी पहनना जरूरी नहीं। आज लहंगा, शरारा, गरारा और इंडो-वेस्टर्न आउटफिट भी पारंपरिक त्योहारों का हिस्सा बन चुके हैं। एक खूबसूरत स्कर्ट के साथ क्रॉप ब्लाउज और दुपट्टा, या पारंपरिक कुर्ती के साथ फ्लेयर्ड पैंट ऐसे फ्यूजन लुक आरामदायक भी हैं और स्टाइलिश भी। खासकर कामकाजी महिलाओं के लिए यह विकल्प उपयोगी है।
मेहंदी परंपरा में क्रिएटिविटी
तीज और मेहंदी का रिश्ता बहुत पुराना है। लेकिन आज मेहंदी के डिजाइन भी बदल गए हैं। पहले जहां हाथों को पूरी तरह भरने वाले पारंपरिक डिजाइन लोकप्रिय थे, वहीं आज मिनिमल मेहंदी, फिंगर मेहंदी, मंडला डिजाइन, बेल पैटर्न और नेगेटिव स्पेस डिजाइन भी पसंद किए जा रहे हैं। यानी अब मेहंदी सिर्फ हाथों को सजाने का माध्यम नहीं, बल्कि एक तरह की व्यक्तिगत कला बन गई है। किसी को महीन डिजाइन पसंद है, किसी को सिर्फ हथेली पर छोटा पैटर्न और किसी को पारंपरिक राजस्थानी या मारवाड़ी डिजाइन। अपनी पसंद के मुताबिक मेहंदी चुनना ही आज के श्रृंगार की खासियत है।

बिंदी का छोटा-सा बड़ा फैशन
बिंदी छोटी होती है, लेकिन पूरे लुक को बदलने की ताकत रखती है। आज क्लासिक गोल लाल बिंदी के साथ डिजाइनर बिंदी, स्टोन बिंदी, लंबी बिंदी और छोटे ज्योमेट्रिक पैटर्न भी ट्रेंड में हैं। अगर आउटफिट भारी है, तो सिंपल बिंदी लुक को बैलेंस कर सकती है। वहीं मिनिमल आउटफिट के साथ एक खूबसूरत स्टेटमेंट बिंदी पूरे चेहरे को अलग पहचान दे सकती है।
सिंदूर और मंगलसूत्र का मॉडर्न रूप
विवाहित महिलाओं के पारंपरिक श्रृंगार में सिंदूर और मंगलसूत्र का विशेष महत्व है। आज भी बहुत-सी महिलाएं इन्हें अपनी सांस्कृतिक पहचान और व्यक्तिगत पसंद के रूप में पहनती हैं। लेकिन इनके डिजाइन में बदलाव आया है। अब मंगलसूत्र केवल पारंपरिक लंबे डिजाइन तक सीमित नहीं हैं। छोटे, हल्के और रोजमर्रा में पहने जा सकने वाले डिजाइन भी लोकप्रिय हैं। इसी तरह सिंदूर लगाने का अंदाज भी व्यक्तिगत पसंद पर निर्भर करता है।

बालों का श्रृंगार भी हुआ मॉडर्न
पारंपरिक त्योहारों पर गजरा और जुड़ा हमेशा से खूबसूरत विकल्प रहे हैं। आज भी गजरे की खुशबू तीज के लुक को खास बना सकती है। लेकिन आधुनिक अंदाज में इसे खुले बालों, लो बन या ब्रेडेड हेयरस्टाइल के साथ भी इस्तेमाल किया जा सकता है। एक स्लीक बन के साथ छोटा-सा गजरा बेहद एलिगेंट लग सकता है। वहीं फूलों की हेयर एक्सेसरीज युवा महिलाओं को फ्रेश और फेस्टिव लुक दे सकती हैं।
मेकअप में ‘कम ही ज्यादा है’
त्योहारों का मतलब अब जरूरी नहीं कि बहुत ज्यादा मेकअप किया जाए। आज नेचुरल बेस, सॉफ्ट ब्लश, हल्का आई मेकअप और न्यूड या क्लासिक लिप कलर काफी पसंद किया जाता है। अगर आंखों को हाइलाइट करना है तो बाकी मेकअप को हल्का रखा जा सकता है। अगर लिपस्टिक बोल्ड है, तो आंखों का मेकअप मिनिमल रखा जा सकता है। इस संतुलन से चेहरा ओवरडन नहीं लगता और पारंपरिक पोशाक भी ज्यादा खूबसूरती से उभरती है।

आभूषणों में ‘लेयरिंग’ का ट्रेंड
आज एक ही तरह के भारी सेट की जगह ज्वेलरी लेयरिंग का ट्रेंड देखने को मिलता है। एक छोटा नेकलेस, उसके साथ चोकर और छोटे झुमके यह कॉम्बिनेशन मॉडर्न भी लग सकता है और ट्रेडिशनल भी। ऑक्सीडाइज्ड सिल्वर, कुंदन, पोल्की, मोती और गोल्ड प्लेटेड ज्वेलरी को आउटफिट के अनुसार मिक्स एंड मैच किया जा सकता है। लेकिन यहां भी नियम यही है हर चीज एक साथ पहनना जरूरी नहीं। श्रृंगार का उद्देश्य खुद को सजाना है, खुद को ढक देना नहीं। आज का सोलह श्रृंगार आत्मविश्वास भी है सबसे बड़ा बदलाव शायद यही है कि आज श्रृंगार को केवल दूसरों की नजर से देखने की जरूरत नहीं।
खूबसूरती का कोई एक फॉर्मूला नहीं है।
आज सोलह श्रृंगार का नया अर्थ है अपनी पसंद, अपनी सुविधा और अपनी पहचान के मुताबिक परंपरा को अपनाना। परंपरा को बचाने का सबसे खूबसूरत तरीका परंपराएं तभी जीवित रहती हैं जब नई पीढ़ी उन्हें अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाती है। अगर सोलह श्रृंगार को उसी पुराने तरीके से करने की बाध्यता होगी, तो शायद कई युवा महिलाएं उससे दूरी बना लें।
लेकिन जब वही परंपरा आधुनिक फैशन, आराम और व्यक्तिगत पसंद के साथ जुड़ती है, तो वह फिर से प्रासंगिक हो जाती है। आज की महिला साड़ी को स्नीकर्स के साथ पहन सकती है, पारंपरिक गहनों के साथ मॉडर्न ब्लाउज चुन सकती है और मेहंदी में अपनी कहानी लिखवा सकती है। यही तो फैशन की खूबसूरती है पुराना मिटता नहीं, नया उसमें जुड़ता जाता है। सोलह श्रृंगार सिर्फ सोलह चीजों की सूची नहीं है। यह भारतीय स्त्री की सौंदर्य परंपरा, संस्कृति और उत्सव से जुड़ी एक लंबी कहानी है। आज इस कहानी का अंदाज बदल गया अब भारीपन की जगह सहजता है।
