Winter Special Food: सर्दियां आते ही देशभर में खाने-पीने की चीजों में खास तरह की गर्माहट जुड़ जाती है. पंजाब में गुड़ और तिल से बनते हैं गजक, दक्षिण भारत में खाई जाती है रागी इडली, तो बिहार में ठंड का मौसम लेकर आता है एक मीठा और बेहद अनोखा स्वाद – भक्का। दिखने में बिल्कुल इडली जैसा यह व्यंजन बिहार के सीमांचल इलाके में सर्दियों का सबसे पसंदीदा नाश्ता है। इसे खाने वाले इसे प्यार से ‘मीठी इडली’ भी कहते हैं।
बिहार की सर्दियों का मीठा स्वाद – भक्का
लिट्टी-चोखा, सत्तू, दाल-भात जैसे पारंपरिक व्यंजनों के बीच ‘भक्का’ बिहार का ऐसा पकवान है, जो स्वाद में सादगी और देसीपन दोनों का संगम है। यह न सिर्फ खाने में हल्का है बल्कि पोषक भी। इडली की तरह दिखने वाला भक्का चावल के आटे और गुड़ से बनता है, लेकिन इसका स्वाद एकदम अलग होता है – हल्की मिठास और घी की खुशबू इसे खास बनाती है।
अगर आप बिहार के अररिया जिले या सीमांचल इलाके की सर्द सुबहों में निकलेंगे, तो सड़क किनारे मिट्टी के चूल्हे पर पकते हुए गरमागरम ‘भक्का’ की खुशबू आपका मन मोह लेगी। लोग इसे नाश्ते में खाते हैं या फिर फिश करी के साथ भी परोसते हैं।
परंपरा और स्वाद का संगम
भक्का सिर्फ एक व्यंजन नहीं, बल्कि बिहार की परंपरा का हिस्सा है। इसे खासतौर पर कलिहा समुदाय के लोग बनाते हैं। यह परंपरा धान की कटाई के बाद शुरू होती है, जब ताजे चावलों को हाथ से पीसकर उसका आटा तैयार किया जाता है। मिट्टी के बर्तन में पकाया गया यह व्यंजन सर्द मौसम में शरीर को गर्म रखने के साथ ऊर्जा भी देता है। भक्का की खासियत इसकी सादगी में है इसमें न कोई मसाला, न कोई तेल, सिर्फ चावल, गुड़ और घी की मिठास। यह बिहार की उस पुरानी ग्रामीण रसोई का प्रतीक है, जहां स्वाद मिट्टी के बर्तनों और देसी आग से आता था।
‘भक्का’ बनाने की पारंपरिक रेसिपी
भक्का बनाने के लिए बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती। बस चाहिए –
- अरवा चावल या सामान्य चावल,
- गुड़
- मिट्टी का भक्का पॉट (एक खास तरह का बर्तन जो इडली मेकर जैसा होता है।)
बनाने का तरीका
– सबसे पहले चावलों को रातभर पानी में भिगोकर रखिए
– सुबह उनका पानी निकालकर हल्का सुखा लें ताकि उनमें थोड़ी नमी बनी रहे
– अब चावल को पीसकर आटा बना लें
– एक छोटी कटोरी में आटा भरें, बीच में गुड़ के टुकड़े डालें और ऊपर से थोड़ा और आटा भरकर कटोरी पूरी कर दें
– अब गैस या मिट्टी के चूल्हे पर पानी से भरा बर्तन रखें, ऊपर जाली रखें और उस पर कपड़े से ढका हुआ यह आटे वाला हिस्सा उलट दें
– बस दो मिनट तक पकाइए और तैयार है नरम, फूला हुआ मीठा ‘भक्का’।
आप इसे घी के साथ खा सकते हैं या बिना गुड़ वाला वर्जन बनाकर फिश करी के साथ भी ट्राई कर सकते हैं।
बिहार के स्वाद में छिपी सादगी
भक्का बिहार की उस मिट्टी की खुशबू लिए हुए है जो अपनी सादगी और देसी अंदाज के लिए जानी जाती है। यह डिश न सिर्फ स्वाद में अनोखी है बल्कि यह दिखाती है कि कैसे भारतीय रसोई में मौसम, परंपरा और स्थानीय सामग्री का गहरा रिश्ता है। सर्दी की सुबह, जब खेतों से धुंध उठ रही हो और घरों में भट्ठी पर भक्का पक रहा हो यह नजारा बिहार की ग्रामीण संस्कृति की आत्मा को बयां करता है।
क्यों ट्राई करें ‘भक्का’?
अगर आप सर्दियों में कुछ नया और देसी स्वाद चखना चाहते हैं, तो ‘भक्का’ जरूर ट्राई करें। इसमें मिठास भी है, पोषण भी, और परंपरा का असली स्वाद भी। बिहार के इस व्यंजन की यही खूबी है कि यह हर बाइट के साथ आपको अपनी जड़ों से जोड़ देता है।
